*इंटरनेशनल हेराल्ड मैगजीन के स्पेशल एडिशन के कवर पेज में सरगुजा छत्तीसगढ़ के नुक्कड़ नाटक और सार्थक सिनेमा के सुप्रसिद्ध कलाकार आनंद कुमार गुप्त
अंबिकापुर – पिछले 30 वर्षों से नुक्कड़ नाटक तथा सार्थक सिनेमा के माध्यम से सरगुजा छत्तीसगढ़ की फिल्म, कला संस्कृति को देश-विदेश तक ले जाने वाले कलाकार आनंद कुमार गुप्त को इंटरनेशनल हेराल्ड मैगजीन के स्पेशल एडिशन के कवर पेज में स्थान दिया गया है।

सर्व विदित हो कि इंटरनेशनल हेराल्ड मैगजीन वैश्विक स्तर पर कला,उद्योग, व्यवसाय, लीडर, खेल एवं अन्य विशेष उपलब्धियां वाले लोगों की कहानियों को सामने लाता है। यह मैगजीन असाधारण प्रतिभाओं को भी पहचान दिलाने का काम करती है। इस कड़ी में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सार्थक संदेश देने वाले, संदेश परक फिल्मों के माध्यम से संदेश प्रसारित करने वाले और अपने जीवंत अभिनय के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति को देश-विदेश में पहुंचने वाले अभिनेता आनंद कुमार गुप्त को कवर पेज में स्थान दिया गया है। मैगजीन के अंदर के भागों में आनंद कुमार गुप्त द्वारा नुक्कड़ नाटक, लेखक/निर्देशक अजय आनंद की हिंदी फिल्म लंगड़ा राजकुमार, लेखक /निर्देशक गोविंद मिश्रा की फिल्म आई एम नॉट ब्लाइंड,प्रयोग, लाइफ़ ऑन रोड तथा आने वाली फिल्म प्रभु श्री राम छत्तीसगढ़ के भांजा के संबंध में उल्लेखित किया गया है। इसी कड़ी में डॉक्यूमेंट्री फिल्म महान संत गहिरा गुरु , धरती आवा भगवान बिरसा मुंडा एक अमर गाथा के साथ-साथ लघु फिल्मों का भी जिक्र किया गया है। मैगजीन में आनंद कुमार गुप्त के द्वारा नुक्कड़ नाटक करते हुए डमरू के साथ तथा दो फोटो एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं माननीय संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल जी के साथ का फोटो भी दिया गया है।

इस संबंध में मदारी आर्ट्स के आनंद कुमार गुप्त ने बताया कि मैं इंटरनेशनल हेराल्ड मैगजीन को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने हमारे कार्यों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का कार्य किया है । साथ ही सरगुजा छत्तीसगढ़ के सभी देवतुल्य गणमान्य जन, प्रशासन, छत्तीसगढ़ राज्य एवं केंद्र सरकार का आभारी हूं, जिनके सहयोग और आशीर्वाद से यह कार्य हो सका है । मैं अपनी टीम के साथ सार्थक एवं संदेश परक नाटक एवं फिल्मों के माध्यम से सरगुजा छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाने का कार्य करता रहूंगा।



