रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में केबिनेट बैठक में ‘समान नागरिक संहिता’ (UCC) लागू करने का स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनके पूरे मंत्रिमंडल का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया है।
डॉ. सलीम राज ने कहा कि अब वह समय नहीं रहा जब देश किसी खास विचारधारा या तुष्टीकरण की राजनीति से चले। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश केवल और केवल संविधान से चलेगा, न कि किसी शरीयत या व्यक्तिगत कानून से। यही हमारे लोकतंत्र की असली ताकत है। डॉ. राज ने कहा कि समान नागरिक संहिता का समर्थन करना हर नागरिक का कर्तव्य है ताकि समाज में समानता और विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके। यह किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता के पक्ष में है।
उन्होंने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक समुदायों के बीच भ्रम और भय पैदा कर वोट बैंक की राजनीति की गई। लेकिन अब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है।
डॉ. सलीम राज ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह प्रदेश में सभी धर्मों के लोग अपने-अपने रीति-रिवाजों के साथ एक ही मंडप के नीचे सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, उसी तरह ‘समान नागरिक संहिता’ भी सामाजिक ताने-बाने को और मजबूत करेगी।



