बलरामपुर-रामानुजगंज, 27 जुलाई। थाना चांदो पुलिस ने हत्या के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक अज्ञात मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की हत्या कर शव को जंगल में दफनाने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को ग्राम पियार टोली निवासी गया यादव (28 वर्ष) ने थाना चांदो में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि एक अज्ञात मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति पिछले तीन दिनों से गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में घूम रहा था। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ग्राम जोड़ाडूमर निवासी राजेश कोरवा की पत्नी के घर में गलत नीयत से जबरन घुस गया था।
बताया गया कि उसी दौरान राजेश कोरवा मौके पर पहुंचा और राजू कोरवा सहित एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर अज्ञात व्यक्ति की हाथ एवं डंडे से पिटाई कर उसे जंगल की ओर ले गया। आरोप है कि वहां उसकी हत्या कर दी गई तथा साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को जंगल-पहाड़ क्षेत्र में दफना दिया गया।
प्रकरण में थाना चांदो में अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3 एवं 5 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना चांदो एवं गणेश मोड़ चौकी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजेश कोरवा (32 वर्ष), निवासी जोड़ाडूमर एवं राजू कोरवा (39 वर्ष), निवासी पियार टोली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



