🔴 बड़ी खबर | विश्रामपुर में चोरी की 3 वारदातों का खुलासा दो विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों समेत 4 पकड़े गए, चोरी का सामान खरीदने वाले दो आरोपी भी गिरफ्तार,,
एकंर- सूरजपुर जिले विश्रामपुर थाना क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की तीन वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों सहित कुल चार लोगों को पकड़ा है। पुलिस पूछताछ में केशवनगर की बिजली दुकान समेत विश्रामपुर की 1-बी कॉलोनी में हुई दो अन्य चोरियों का खुलासा हुआ है। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले अर्जुन सोनी और इम्तियाज खान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दोनों विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
*बिजली दुकान से डेढ़ लाख का सामान चोरी*
पुलिस के मुताबिक ग्राम केशवनगर निवासी नूरैन सिद्दीकी ने थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात केशवनगर मेन रोड स्थित बिजली दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत के कॉपर केबल एवं अन्य सामान चोरी कर लिए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 216/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द पतासाजी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन के मार्गदर्शन में विश्रामपुर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
*पूछताछ में खुलीं चोरी की दो और वारदातें*
जांच के दौरान पुलिस ने दो विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने केशवनगर स्थित बिजली दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए केबल वायर को जलाकर इम्तियाज खान, निवासी अम्बिकापुर, को बेच दिया गया था।
इसके बाद पुलिस पूछताछ में 12 जून 2026 को विश्रामपुर की 1-बी कॉलोनी निवासी मिथलेश गुप्ता के घर हुई चोरी का भी खुलासा हुआ। आरोप है कि वहां से करीब 51 हजार रुपये नगद तथा सोने-चांदी के जेवर चोरी किए गए थे, जिन्हें अर्जुन सोनी को बेच दिया गया था। इसी तरह मंगतराम चौक, 1-बी कॉलोनी निवासी संतोष साहू के घर से करीब 50 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर अर्जुन सोनी को बेचने की जानकारी सामने आई। दोनों मामलों में विश्रामपुर थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज हैं।
*चोरी का माल खरीदने वाले दो आरोपी गिरफ्तार*
पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में इम्तियाज खान पिता नसीम खान, उम्र 36 वर्ष, निवासी मोमिनपुरा, थाना कोतवाली अम्बिकापुर तथा अर्जुन सोनी पिता संतोष सोनी, उम्र 31 वर्ष, निवासी तलवापारा शिवनंदनपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया है। इम्तियाज खान के कब्जे से 7 किलो 500 ग्राम केबल वायर बरामद किया गया है।
*अर्जुन सोनी पूर्व में भी चोरी के माल के मामले में पकड़ा जा चुका है*
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अर्जुन सोनी पूर्व में भी चोरी के सामान की खरीदारी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और वह थाना विश्रामपुर का निगरानीशुदा बदमाश भी है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया, जबकि दोनों विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
*इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका*
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विश्रामपुर रूपेश कुंतल, एएसआई हरिशंकर तिवारी, प्रधान आरक्षक दरश देवांगन एवं आरक्षक अजय प्रताप सिंह की सक्रिय भूमिका रही।
जनदरबार न्यूज़ के लिए सूरजपुर जिले से संवाददाता सौरभ साहू कि रिपोर्ट,,,



