अंबिकापुर! छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी,अल्पसंख्यक विभाग प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि पिछले 12 वर्षों में किए गए बड़े-बड़े वादों और दावों की सच्चाई अब देश की माताओं और बहनों के रसोईघर में साफ दिखाई देने लगी है। भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को धुएं से मुक्ति, सस्ती रसोई गैस और बेहतर जीवन का सपना दिखाया था, लेकिन आज आम जनता बढ़ती गैस कीमतों और घटती सुविधाओं से परेशान है।
परवेज़ गांधी ने कहा कि उज्ज्वला योजना की शुरुआत के समय गरीब महिलाओं को यह भरोसा दिलाया गया था कि उन्हें रसोई गैस की सुविधा सुलभ और किफायती दरों पर उपलब्ध होगी। लेकिन समय बीतने के साथ मोदी सरकार ने अपने वादों से मुंह मोड़ लिया। गैस सिलेंडरों पर मिलने वाली राहत और सुविधाएं लगातार कम होती गईं, जबकि दूसरी ओर गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते रहे। इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के मासिक बजट पर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि लाखों परिवार गैस सिलेंडर रिफिल कराने में असमर्थ हैं। कई घरों में महिलाओं को मजबूरीवश फिर से लकड़ी, कोयला और पारंपरिक चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है। जिस योजना को महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान से जोड़कर प्रचारित किया गया था, वह आज महंगाई और अव्यवस्था की भेंट चढ़ती दिखाई दे रही है।
परवेज़ गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को वास्तविक राहत देने के बजाय केवल प्रचार और विज्ञापनों के माध्यम से उपलब्धियां गिनाने में लगी हुई है। यदि किसी योजना का लाभ आम लोगों तक निरंतर और प्रभावी रूप से नहीं पहुंच रहा है, तो उसे सफल नहीं कहा जा सकता। देश की करोड़ों महिलाएं आज महंगी रसोई गैस और बढ़ते घरेलू खर्चों के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रही हैं।
उज्ज्वला योजना की सफलता का आधार गरीब परिवारों को सस्ती रसोई गैस उपलब्ध कराना था। लेकिन सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या 9 से घटाकर 4 करना उस उद्देश्य को कमजोर करता है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी की जाए, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को पर्याप्त सब्सिडी प्रदान की जाए तथा उज्ज्वला योजना के मूल उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को वास्तविक राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
अंत में परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता, गरीब परिवारों और महिलाओं के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
परवेज़ आलम गांधी
प्रदेश महासचिव
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी,अल्पसंख्यक विभाग



