कुसमी। कुसमी ब्लॉक में पत्रकार संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक वरिष्ठ पत्रकार मो. नेजाम खान की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकार हितों तथा संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन की आगामी बैठक 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रस्तावित बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता वृद्धि, संगठन की भावी कार्ययोजना एवं नवीन कार्यकारिणी के गठन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान तथा क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए एक सशक्त संगठन की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से आगामी बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें संगठन की भविष्य की दिशा एवं कार्ययोजना तय की जाएगी।
वरिष्ठ पत्रकार मो. नेजाम खान ने संगठन की एकता एवं सक्रियता पर बल देते हुए कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। ऐसे में पत्रकारों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संगठनात्मक मजबूती आवश्यक है।
बैठक में जीतेन्द्र सिंह, दुर्गेश गुप्ता, चंद्रदीप यादव, फिरदोस आलम, युसूफ खान, जशीम खान, पूर्णिमा सेमरिया, सुहेल आलम तथा राहुल गुप्ता उपस्थित रहे।



