*- महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी*
राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि रिपोर्ट,,,,
लोकेशन, सूरजपुर छत्तीसगढ़।।
*सूरजपुर/ दिनांक 15 अगस्त 2026* जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम सूरजपुर के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन ने संपूर्ण वातावरण को राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर कर दिया, इसके साथ ही राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की सामूहिक प्रस्तुति के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम प्रसारित संदेश का वाचन किया तथा जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारे मुक्त आकाश में छोड़े तथा शांति के प्रतीक सफेद कबूतरों को उड़ाकर शांति, सद्भावना एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया। खुले आसमान में उड़ते गुब्बारों और कबूतरों के इस दृश्य को उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि के साथ सराहा।
समारोह में परेड कमांडर के नेतृत्व में 13 विभिन्न प्लाटूनों ने बैंड की मधुर धुन पर कदमताल करते हुए आकर्षक मार्च पास्ट किया, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा शहीद जवानों के परिजनों का शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया तथा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की श्रृंखला में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर एवं कला केंद्र सूरजपुर के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग नृत्य एवं मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की तिरंगामय वेशभूषा और उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे स्टेडियम में देशभक्ति का उल्लासपूर्ण वातावरण निर्मित कर दिया, जिसे उपस्थितजनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
प्रस्तुतियों में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय नवापारा सूरजपुर ने प्रथम, पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास सूरजपुर ने द्वितीय तथा कला केंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन दलों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता सुरेंद्र राजवाड़े, जनपद पंचायत सूरजपुर अध्यक्ष स्वाति संत सिंह, भीमसेन अग्रवाल, बाबूलाल अग्रवाल, मुरली मनोहर सोनी, भाजपा नेता ठाकुर राजवाड़े, मुकेश गर्ग, अजय अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, शशिकांत गर्ग, राजेश महलवाला सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, डीएफओ, डी. पी. साहू, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र पाटले सहित जिले के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।



