अंबिकापुर। खेलो इंडिया एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के तत्वावधान में राज्य स्तरीय अस्मिता वूमेंस लीग सॉफ्ट टेनिस 2026 का भव्य आयोजन गांधी स्टेडियम स्थित लॉन टेनिस ग्राउंड, अंबिकापुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं नगर निगम की एमआईसी सदस्य श्रीमती प्रियंका गुप्ता, गर्ल्स स्कूल की प्रार्चाय अर्पणा दुबे, नीलम राजवाड़े उपस्थित रहीं। वहीं, प्रतियोगिता में पर्यवेक्षक के रूप में रवि शंकर धनगर, प्रमोद ठाकुर एवं दिलीप कुमार विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले में पहली बार राज्य स्तरीय महिला सॉफ्ट टेनिस लीग का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की महिला खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया तथा तीन अलग-अलग आयु वर्गों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यह आयोजन जिले में महिला सॉफ्ट टेनिस को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।
अस्मिता वूमेंस लीग खेलो इंडिया एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की महिला-केंद्रित एक विशेष पहल है। इसका उद्देश्य बालिकाओं एवं महिला खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। यह पहल महिला खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल के अधिक अवसर एवं सुरक्षित प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को पहचानने और निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रजत सिंह, सुनैना जायसवाल, सॉफ्ट टेनिस की राष्ट्रीय पदक विजेता रीमा राय, चंचल सारथी एवं पूर्णिमा प्रतिकार, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता तथा बबीता तिग्गा का विशेष योगदान रहा।
इस सफल आयोजन पर राजेश प्रताप सिंह, राकेश प्रधान, वरुण पांडे, उमेश ठाकुर एवं संजय शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, आयोजकों एवं सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, आगे बढ़ने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करती हैं।



