*विद्यार्थियों में खेल भावना जागृत करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित*
अंबिकापुर। सिद्धार्थ हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यालय के संचालक सी. पी. सिंह के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने एवं खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष खेल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्यालय के संचालक सी. पी. सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा प्रत्येक विद्यार्थी को नियमित रूप से किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़ना चाहिए।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व, अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ जीवनशैली पर प्रेरणादायक जानकारी दी। उन्होंने बास्केटबॉल खेल की मूल तकनीकों, नियमों एवं बारीकियों से विद्यार्थियों को परिचित कराते हुए बताया कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक मजबूती का भी आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अभ्यास करने, मोबाइल की अपेक्षा मैदान को अधिक समय देने तथा प्रतिदिन कम से कम एक खेल खेलने का आग्रह किया।
साथ ही उन्होंने बताया कि अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में प्रतिदिन नियमित रूप से निःशुल्क बास्केटबॉल प्रशिक्षण दिया जाता है, जहाँ खेल में रुचि रखने वाले सभी विद्यार्थी आकर अभ्यास कर सकते हैं और अपने खेल कौशल को निखार सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खेलों के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई तथा उन्हें नियमित रूप से खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।



