रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्कर हेमराज राव पर SAFEMA एक्ट के तहत शिकंजा कसा है। उरला थाना पुलिस की पहल पर आरोपी की अवैध कमाई से अर्जित लगभग ₹2 करोड़ 32 लाख की अचल संपत्ति जब्त (सीज) की गई है। इसके साथ ही उसके बैंक खाते में जमा ₹30.67 लाख की राशि भी फ्रीज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध की गई है। रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है, ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
✍️ संवाददाता: राज तिवारी, रायपुर



