अंबिकापुर। कांग्रेस नेता परवेज आलम गांधी ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के अंबिकापुर दौरे पर व्यंग्यात्मक कटाक्ष करते हुए कहा, “बहुत-बहुत धन्यवाद उपमुख्यमंत्री जी! आप अंबिकापुर का कूड़ा-करकट देखने, सड़कें, पुल और पुलिया देखने निकले। यह अच्छी बात है, लेकिन शहर की बदहाल सड़कों और धूल से परेशान जनता को राहत कब मिलेगी?”
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अंबिकापुर की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और जगह-जगह बनी डबरियों से नागरिक पहले ही परेशान हैं। अब उड़ती धूल ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ऐसे में उपमुख्यमंत्री जी से शहरवासियों की एक छोटी-सी गुहार है।
“सड़क मत बनाइए साहब, कम से कम झाड़ू ही लगवा दीजिए!” ताकि शहरवासियों को उड़ती धूल से राहत मिल सके और वे स्वच्छ हवा में साँस ले सकें।
परवेज आलम गांधी ने कहा कि सड़कें कब बनेंगी, गड्ढे कब भरेंगे और अंबिकापुर की सूरत कब बदलेगी, यह तो भविष्य के गर्भ में है। लेकिन फिलहाल नियमित सफाई और धूल पर नियंत्रण के उपाय करके जनता को राहत तो दी ही जा सकती है।
उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं का निरीक्षण तभी सार्थक होगा, जब उसके बाद धरातल पर सुधार दिखाई दे। अंबिकापुर के नागरिकों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि बदहाल सड़कों, गंदगी और उड़ती धूल से वास्तविक राहत चाहिए।
आखिर अंबिकापुर की जनता को भी साफ-सुथरी सड़कें और स्वच्छ हवा में साँस लेने का हक है।
शहर की जनता की ओर से एक छोटी-सी गुहार!
परवेज आलम गाँधी
कांग्रेस नेता, अंबिकापुर



