अंबिकापुर। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की कुल 11 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें बालक वर्ग में सरगुजा किंग, सरगुजा टाइगर, सरगुजा ब्लैक पैंथर, सरगुजा फाल्कन एवं सरगुजा लायंस तथा बालिका वर्ग में सरगुजा होपर्स, सरगुजा बॉलर्स, सरगुजा फाइटर्स, सरगुजा चैंपियंस, सरगुजा स्टार एवं फ्लाइंग फाइटर्स टीमें शामिल हैं।
दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में सरगुजा ब्लैक पैंथर ने सरगुजा किंग को पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं बालिका वर्ग में सरगुजा फाइटर्स ने सरगुजा स्टार को हराया तथा सरगुजा बॉलर्स ने सरगुजा चैंपियंस के विरुद्ध शानदार जीत हासिल की।

राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर अत्यधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। लीग प्रारूप खिलाड़ियों को अधिक मैच खेलने का अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे उनके खेल कौशल और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। उन्होंने प्रतियोगिता की सफलता में अभिभावकों के निरंतर सहयोग और उत्साहवर्धन की सराहना करते हुए कहा कि अभिभावकों का सहयोग खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन आयोजित उद्घाटन समारोह में एमआईसी सदस्य मनीष सिंह, के.आर. टेक्निकल कॉलेज के उपाध्यक्ष राहुल जैन, IBC24 न्यूज़ के पत्रकार अभिषेक सोनी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में रजत सिंह, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा सहित अन्य खिलाड़ी व पदाधिकारी अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।



