छत्तीसगढ़ के खूबसूरत पर्यटन स्थल मैनपाट में जवाहर नवोदय विद्यालय के 1988–95 बैच का भव्य एलुमनी मीट सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन में देश भर के विभिन्न नवोदय विद्यालयों से जुड़े कुल 30 एलुमनी अपने परिवारों के साथ शामिल हुए।
एलुमनी मीट का माहौल आत्मीयता, दोस्ती और पुरानी यादों से सराबोर रहा। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर एलुमनी ने न केवल बीते दिनों को ताज़ा किया, बल्कि आपसी अनुभवों को साझा करते हुए भविष्य के निर्माण और समाज के प्रति अपनी भूमिका पर भी गंभीर विमर्श किया।
इस अवसर पर सरगुजा संभाग के मुख्य वन संरक्षक (CCF) एवं बुलंदशहर जवाहर नवोदय विद्यालय के एलुमनी दिलराज प्रभाकर ने कहा कि नवोदय विद्यालय एलुमनी आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारीपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और समाज व राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान लगातार सशक्त होता जा रहा है। उन्होंने नवोदय परिवार की एकता और मूल्यों को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताया।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से एलुमनी की सक्रिय भागीदारी रही। हरियाणा से 5, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश से 5, छत्तीसगढ़ से 4, बिहार से 3, उत्तर प्रदेश से 2, मध्य प्रदेश से 2 तथा झारखंड से 2 एलुमनी शामिल हुए।
एलुमनी मीट ने न केवल आपसी जुड़ाव को मजबूत किया, बल्कि नवोदय मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हुए समाज और देश के प्रति सामूहिक दायित्व निभाने के संकल्प को भी और दृढ़ किया।



