सरगुजा पुलिस एवं सरगुजा जिले के स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान् में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा के द्वारा दशमेश पब्लिक स्कूल में छात्र -छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से नशामुक्ति , यातायात के प्रावधानों,सड़क सुरक्षा,साइबर अपराध, साइबर अपराधों से सुरक्षा एवं समसामयिक संवेदनशील मुद्दों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सर्वप्रथम अतिथियों एवं नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के सदस्यों का दशमेश पब्लिक स्कूल के अध्यापक एवं अध्यापिकाओं के द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा विशेष शाखा अमोलक सिंह ढिल्लो नशे की लत ,नशे के विभिन्न उत्पादों एवं उसके दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजकल सिगरेट के अलावा ई सिगरेट का उपयोग भी नशे के लिए लोग कर रहे हैं। मोबाइल का जरूरत से ज्यादा उपयोग करना भी मोबाइल एडिक्शन है। आधुनिकता के दौर में हमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन, संस्कार को आत्मसात् करते हुए अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करना होगा। साथ ही साईबर अपराध एवं साईबर अपराधों से सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।वरिष्ठ समाजसेविका सुश्री वन्दना दत्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि किशोरावस्था के बच्चे, बच्चियां दूसरों के बहकावे में नशे के गिरफ्त में बहुत जल्दी फंस जाते हैं।आप सभी जागरूक बनिए और एक वालेंटियर की तरह नशा मुक्त समाज निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करिये। वरिष्ठ समाजसेविका प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केन्द्र की मुख्य संचालिका राजयोगिनी बी के विद्या दीदी ने कहा कि यदि हम सभी अपने लक्ष्य का निर्धारण कर सकारात्मक सोच के साथ हस्तक्षेप करते हैं तो परमपिता परमेश्वर की सकारात्मक उर्जा हमें मिलती रहती है। हमारे जीवन में कितना भी तनाव हो, दोस्तों का दबाव हो तो भी हमें नशे की लत से दूर रहना है।नशे की लत से दूर रहने एवं नशे की लत से छुटकारा हेतु आध्यात्म एवं मेडिटेशन राम बाण सिद्ध होगा।साथ ही बी के विद्या दीदी ने नशा मुक्त समाज निर्माण हेतु शपथ भी दिलाई।उप निरीक्षक अभय तिवारी ने यातायात के नियमों के पालन करने एवं यातायात के नियमों का अनदेखा कर वाहन चलाने से हो रही सड़क दुर्घटनाओं को आंकड़ों सहित प्रस्तुत किया।साथ ही उन्होंने कहा कि डायल 112 इंटीग्रेटेड नम्बर है जिसमें अनेक सुविधाएं प्राप्त की जा सकती हैं।डायल 112 सरकार की बहुत ही अच्छी योजना है । जिसमें फोन करने पर सुविधा अनुसार वाहन उपलब्ध होता है और राहत पहुंचाती है।इसी के साथ डायल 112 इंडिया नाम से एक ऐप भी है जिसको डाउनलोड करने पर यात्रा के दौरान सुरक्षित यात्रा की दिशा में सुविधा प्रदान की जाती है। वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग शरीर, स्वांस और मन के मध्य एक बेहतर सामंजस्य स्थापित करता है जो जीवन को बहुआयामी बनाने का आधार है।आज योगानुशासनम योग का प्रथम सूत्र है। अनुशासन मनुष्य को ईश्वर की श्रेष्ठ कृति बनाता है। वहीं अनुशासनहीनता पशुता को प्रदर्शित करता है। शासन से यदि आजादी चाहिए, स्वतंत्रता चाहिए अनुशासित एवं स्वाधीन होना होगा। भारतीय सभ्यता, संस्कृति का अनुकरण एवं अनुसरण करना होगा तभी मानवीय मूल्यों की सही अभिरक्षा होगी। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन अध्यापिका रत्ना डे के द्वारा किया गया। इस अवसर पर नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के संयोजक मंगल पाण्डेय, समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा दशमेश पब्लिक स्कूल प्रबंधन के अध्यक्ष सरदार महेंद्र सिंह छाबड़ा, सचिव बलविंदर सिंह छाबड़ा, एकेडमिक डायरेक्टर सरदार जितेन्द्र सिंह सोढ़ी एवं प्राचार्या ममता विश्वकर्मा का गरिमामयी उपस्थिति रही।



