केक और भव्य आयोजनों के बजाय पौधारोपण की अपील का दिखा असर, कांग्रेसजनों ने अलग-अलग स्थानों पर पौधे लगाकर मनाया जन्मदिवस
अंबिकापुर, 10 अगस्त। सरगुजा रियासत के युवराज एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदितेश्वर शरण सिंह देव ‘आदि बाबा’ के जन्मदिवस पर इस वर्ष उत्सव का रंग कुछ अलग दिखाई दिया। स्वयं आदि बाबा द्वारा केक कटिंग एवं भव्य आयोजनों के स्थान पर पौधारोपण और समाजोपयोगी कार्य करने की अपील के अनुरूप कांग्रेसजनों ने अंबिकापुर एवं आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर उनके जन्मदिवस को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के संकल्प के रूप में मनाया।
महामाया पहाड़ में 3600 पौधों का रोपण
इसी कड़ी में महामाया पहाड़ क्षेत्र में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता के नेतृत्व में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर 3600 पौधों का रोपण किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भी अभियान में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महामाया पहाड़ अंबिकापुर की प्राकृतिक पहचान और पर्यावरणीय धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण केवल जन्मदिन मनाने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी है।
कार्यक्रम में इस्लाम खान, बंटी शर्मा, प्रशांत सिंह ‘चीकू’, दुर्गेश गुप्ता, राशिद अहमद अंसारी , सतीश बारी, नितिन तिर्की, अजीज ख़ान, धर्मसाय , आदिप इक्का, सरपंच विश्राम, उपसरपंच राजू, सलमान, एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रघुनाथ मंडल ने शुरू किया 101 पौधों का अभियान
बाबूपारा बाल उद्यान के समीप रघुनाथ मंडल शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा 101 पौधों के रोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। चिन्हांकित स्थानों पर पौधे लगाकर उनकी सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड स्थापित किए गए। आगामी दो-तीन दिनों में चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण कर 101 पौधों का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। ट्री गार्ड की व्यवस्था मंडल के सदस्यों एवं सहयोगियों के सामूहिक सहयोग से की गई है।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, संजय विश्वकर्मा, रविंद्र सिंह टुटेजा, शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व पार्षद पूर्णिमा सिंह, पार्षद मेघा खांडेकर, चंद्रप्रकाश सिंह, प्रशांत सिंह ‘चीकू’, दुर्गेश गुप्ता, दिनेश कुमार शर्मा, अमित तिवारी, निक्की खान, सौरभ फिलिप, आलोक गुप्ता, तृप्तराज सिंह धंजल, अमित सिंह, प्रीतपाल सिंह, रोशन कन्नौजिया, मोंटी, पप्पन, देवा चौहान, अविनेंद्र सिंह, रत्नेश कुमार एवं सुवेंदु घोष सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मंडलवासी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुमार शर्मा ने किया तथा रघुनाथ मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ने आभार प्रदर्शन किया।
राजीव भवन में भी पौधा लगाकर दी जन्मदिवस की शुभकामनाएं
इसी क्रम में राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में पौधारोपण कर आदि बाबा का जन्मदिवस मनाया गया। कांग्रेसजनों ने पौधे लगाकर आदि बाबा के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस कार्यक्रम में अमित सिन्हा, रजनीश सिंह, लवकेश कुमार, विकास शर्मा, संजय सिंह, आशीष जायसवाल, दिनेश कुमार शर्मा, जमील ख़ान, आलोक सिंह, काजू ख़ान, शिवराज सिंह, केदार यादव, धन्मित छाबड़ा, एवं विकास केशरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एक जन्मदिन, संदेश एक — उत्सव ऐसा जो भविष्य के काम आए
विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में कांग्रेसजनों ने कहा कि आदि बाबा द्वारा अपने जन्मदिवस पर अनावश्यक तामझाम के बजाय पौधारोपण का आह्वान करना एक सकारात्मक पहल है। जन्मदिन का उत्सव कुछ घंटों में समाप्त हो जाता है, लेकिन उस दिन लगाया गया पौधा यदि वृक्ष बन जाए तो वह वर्षों तक उस अवसर की स्मृति को जीवित रखता है।
महामाया पहाड़ में हजारों पौधों का रोपण, रघुनाथ मंडल द्वारा ट्री गार्ड के साथ 101 पौधों के अभियान की शुरुआत और राजीव भवन में पौधारोपण—तीनों आयोजनों के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आदि बाबा के जन्मदिवस को व्यक्तिगत उत्सव के बजाय प्रकृति और समाज के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया।



