अंबिकापुर। कांग्रेस नेता परवेज आलम गांधी ने नोटबंदी और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नोटबंदी ने जहां आम आदमी की जेब, रोजगार और आजीविका पर चोट की थी, वहीं अब वोटबंदी जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला कर रही है। नोटबंदी और वोटबंदी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। पहले जनता की कमाई पर चोट हुई और अब उसके वोट तथा आवाज को कमजोर करने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी महज चुनावी गड़बड़ी का मामला नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, उसकी आवाज और सरकार को जवाबदेह बनाने की ताकत पर सीधा हमला है। लोकतंत्र में गरीब, मजदूर, किसान, युवा, वंचित और मध्यम वर्ग के पास अपनी बात सरकार तक पहुंचाने का सबसे बड़ा हथियार उनका वोट है। इसी ताकत के कारण सरकारें जनता के प्रति जवाबदेह रहती हैं।
परवेज गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पिछले बारह वर्षों से देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों का बोझ उठा रही है। युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है, किसान अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ग्रामीण मजदूरों के रोजगार के अधिकार कमजोर किए जा रहे हैं और मध्यम वर्ग की बचत लगातार प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर, मोदी सरकार पर दो करीबी उद्योगपति मित्रों के कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश के सामने सवाल सिर्फ वोट बचाने का नहीं, बल्कि हर नागरिक के अधिकार और सम्मान को बचाने का है। महंगाई से जेब पर चोट, बेरोजगारी से युवाओं के भविष्य पर चोट, रोजगार गारंटी कमजोर होने से मजदूरों के अधिकारों पर चोट और मतदाता सूची से नाम गायब होने की शिकायतें लोकतंत्र की बुनियाद पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वोट सिर्फ सरकार बनाने का अधिकार नहीं है, बल्कि सरकार से सवाल पूछने और उसे जवाबदेह बनाने की सबसे बड़ी ताकत है। गरीब का राशन, मजदूर का काम, युवा का रोजगार, किसान की आमदनी और मध्यम वर्ग की बचत जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने का अधिकार भी इसी वोट से मिलता है।
परवेज गांधी ने कहा कि जब वोट की ताकत कमजोर होती है, तो जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही भी कमजोर पड़ती है और सत्ता का अहंकार बढ़ता है। इसलिए यह लड़ाई केवल वोट बचाने की नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के हक की लड़ाई है।
नोटबंदी से वोटबंदी तक,
वोट चोरी से हक चोरी तक,
जनादेश की चोरी से जवाबदेही की चोरी तक!
परवेज आलम गांधी
अंबिकापुर



