सूरजपुर। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सूरजपुर द्वारा आज पीएम श्री सेजस जयनगर स्कूल के प्रांगण में नेटबॉल ओपन राज्य स्तरीय टीम की चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। चयन ट्रायल में लगभग 40 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के खेल कौशल, प्रदर्शन एवं प्रतिभा के मूल्यांकन के आधार पर आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी जांजगीर-चांपा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर विद्यालय एवं क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस चयन ट्रायल में आब्जर्वर के रूप में नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया तथा निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षक सुनैना जायसवाल ने बताया कि सूरजपुर जिले में नेटबॉल के प्रति खिलाड़ियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें सही मार्गदर्शन एवं बेहतर अवसर देने की।
प्राचार्य पुष्पा राय सहित समस्त शिक्षक, पदाधिकारी उपस्थित रहे।



