जिला स्तरीय बास्केटबॉल जूनियर ओपन चैंपियनशिप 2026 का हुआ भव्य समापन
बालक एवं बालिका वर्ग में सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने किया शानदार प्रदर्शन
अंबिकापुर। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय बास्केटबॉल जूनियर ओपन चैंपियनशिप 2026 का आज भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं क्लबों की बालक एवं बालिका वर्ग की कुल 12 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में महापौर मंजूषा भगत, अभिषेक शर्मा (प्रदेश सहसंयोजक, आर्थिक प्रकोष्ठ), सत्येंद्र नारायण सिंह (जिला कार्य समिति सदस्य, भाजपा), निशांत सिंह गोल्डी (प्रदेश कार्य समिति, किसान मोर्चा), बलिंदर सिंह छाबड़ा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के परिणामों में बालक वर्ग में सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सरगुजा टाइगर्स द्वितीय एवं मॉन्टफोर्ट स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग में सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने प्रथम स्थान हासिल किया। सरगुजा टाइटंस द्वितीय तथा माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि इस प्रकार की नियमित प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल प्रदान करती हैं, जिससे उनके खेल कौशल, आत्मविश्वास एवं मानसिक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने बताया कि सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ लगातार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं संचालन में रजत सिंह, सुनैना जायसवाल, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपमा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, दीपेश सिंह, रिमझिम एवं अभिषेक ने निर्णायक एवं तकनीकी अधिकारियों के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन समारोह में आनंद धर दीवान, कृष्ण एक्का, रविंद्र सिंह, प्रकृति राय, आकाश कश्यप एवं कृष्णकांत, रिंकी सिंह, फैजल उपस्थित थे। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, विद्यालयों, तकनीकी अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



