स्मार्ट मीटर को लेकर घोषित आंदोलन के क्रियान्वयन सहित संगठनात्मक क्रियाशीलता और जनता के बीच मोदी सरकार एवं प्रदेश सरकार की विफलता के प्रचार प्रसार के लिए जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने बुधवार को एक वृहद कार्यशाला का आयोजन किया।
इस कार्यशाला में जिला कार्यकारिणी के सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा-संगठन के प्रभारी अधिकारी सहित जिले के मंडल अध्यक्ष मौजूद थे। कार्यशाला में विभिन्न विषयों को लेकर 8 वक्ताओं ने जानकारी सहित प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने कहा कि देश और प्रदेश में सरकार बदलने के लिए हमें अपने पक्ष में 40 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखते हुए कार्य करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की हर असफलता जिससे देश-प्रदेश के नागरिक हलकान हैं सबके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने कहा कि असफल नोटबन्दी, परीक्षा लीक, बेरोजगारी, महंगाई, इथेनॉल, स्मार्ट मीटर और इन सबसे बढ़कर प्रभु श्री राम के मंदिर की चढ़ावा चोरी के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके द्वारा लिया गया निर्णय जवाबदेह है। हमे इथेनॉल के लिए गडकरी, परीक्षा लीक के लिए धर्मेंद्र प्रधान और स्मार्ट मीटर के लिए प्रदेश सरकार को लक्ष्य करने के बजाय प्रधानमंत्री को लक्ष्य करना चाहिए। बूथ कमेटी स्तर तक जन संवाद के तरीकों को समझाते हुए निगम के पूर्व सभापति श्री अजय अग्रवाल ने कहा कि राजनीति सेवा का क्षेत्र है। इसके माध्यम से अंतिम श्रेणी के व्यक्ति का विकास ही कांग्रेस का लक्ष्य है लेकिन इसके लिए सत्ता जरूरी है और सत्ता के लिए मतदाता से सुचारू संवाद की आवश्यकता है। अगर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित हुआ तो हम न केवल सत्ता को प्राप्त करेंगे साथ ही समाज के अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्ति के वास्तविक विकास को करने में सफल होंगे। इस सरकार के प्रति जनता में बहुत असंतोष है, जनता से संवाद कर उनको पार्टी की उन नीतियों की जानकारी दे जो कांग्रेस उनके लिए सरकार में रहते करती थी और जो पुनः सरकार बनने पर सरकार करेगी। दैनिक स्तर पर बूथ, पंचायत, वार्ड एवं मंडल की कार्यवाही का गुर सिखलाते हुए प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि हर स्तर की इकाई में संगठनात्मक ढांचे में मौजूद व्यक्ति के जिम्मेदारी को तय करने के साथ ही साथ उन्हें जिम्मेदारी निर्वहन में मार्गदर्शन करने से वो इकाई लक्ष्य में सफल होगी। स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेश में चल रहे आंदोलन पर अपने अनुभव को साझा करते हुए आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा किस्मार्ट मीटर को लेकर विगत 3 दिन से जारी जनसंपर्क में यह अनुभव हुआ कि इसके विरोध में कांग्रेस के द्वारा जारी फार्म को भरने में उपभोक्ताओं ने भारी उत्साह दिखा। स्मार्ट मीटर पर हमारे द्वारा चिपकाये जा रहे महतारी वंदन वसूली स्टिकर को महिलाएं आगे बढ़कर स्वयं स्मार्ट मीटर पर लगा रही है। अम्बिकापुर शहर सहित पूरे सरगुजा जिले में विद्युत आपूर्ति में अव्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि, कांग्रेस शासन काल मे ऊर्जामंत्री रहते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस ने अम्बिकापुर शहर और सरगुजा जिले में बिजली के आपूर्ति, लोड आदि को सम्हालने के लिए कई छोटे बड़े सबस्टेशन को स्थापित करने के लिए फंड की स्वीकृति के साथ योजनाओं की स्वीकृति दी थी जो आज वापस हो गई, जिसकी वजह से आज शहर सहित जिले के नागरिक घंटो घोषित-अघोषित बिजली कटौती को झेलते हुए भी स्मार्ट मीटर की वजह से बढ़ा हुआ बिल अदा कर रहे हैं। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता ने एग्री स्टेट पंजीकरण की कठिनाइयों से निपटने में सहायता, राशन वितरण की अव्यवस्था और पंचायत व वार्ड स्तर तक शासकीय योजनाओं के लाभ को पहुंचाने के लिए बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को तथ्यात्मक जानकारी दी। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अरविंद सिंह एवं महामंत्री हेमंत तिवारी ने ग्रामीण स्तर पर दीवानी, फौजदारी और भू अधिग्रहण जैसे विषयों पर लोगों की सहायता और जटिल विषयों को जिला नेतृत्व तक पहुचाने की प्रक्रिया पर बल दिया। जिला कांग्रेस महामंत्री जमील खान ने बूथ स्तर की मासिक बैठकों में मतदाता सूची की समीक्षा पर बल देते हुए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और स्थानांतरण की प्रक्रियाओं को समझाया। कांग्रेस महामंत्री अनूप मेहता ने संगठन में सोसल मीडिया के विभिन्न माध्यमों के उपयोग के साथ ही मीडिया से संवाद एवं कांग्रेस के कार्यक्रमों पर आधारित नवीन व्यवस्था कनेक्ट कांग्रेस की प्रक्रिया को समझाया। कार्यशाला की पूरी प्रक्रिया व्याख्यान और सवाल जवाब पर आधारित थी। वर्कशॉप करीब 5 घंटे चली।



