⏩ स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 (Commonwealth Games 2026) में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम वैश्विक पटल पर रोशन करने वाली अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक और छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप-निरीक्षक (ASI) सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत (सिल्वर) पदक हासिल किया है. सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने इस स्पर्धा के स्नैच में 88 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 111 किग्रा वजन उठाया, जिससे कुल 199 किग्रा वजन के साथ उन्होंने पोडियम पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
⏩ उनकी इस ऐतिहासिक एवं गौरवशाली उपलब्धि पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव से वीडियो कॉल के माध्यम से सीधा संपर्क किया एवं उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए सरगुजा पुलिस और पूरे छत्तीसगढ़ पुलिस परिवार की ओर से होनहार खिलाड़ी को इस बड़ी सफलता पर हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। इस दौरान डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने कहा कि सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव ने छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप-निरीक्षक (ASI) के रूप में देश और समाज की सेवा करने के साथ-साथ खेल के मैदान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसा उत्कृष्ट प्रदर्शन करना बेहद गर्व की बात है, उन्होंने सुश्री ज्ञानेश्वरी की कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता पूरे पुलिस बल सहित छत्तीसगढ़ के तमाम युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने उनकी इस ऐतिहासिक जीत को उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य व आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।



