बटईकेला, 28 जून 2026।
राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत ग्राम बटईकेला में उपसरपंच अंकित गोयल ने पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपसरपंच अंकित गोयल ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” हर बच्चे का अधिकार है और सभी की सहभागिता से ही पोलियो-मुक्त भारत का सपना साकार होगा।
उन्होंने बताया कि 28 से 30 जून 2026 तक चलने वाले राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन 28 जून को सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। वहीं, 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को पोलियो बूथ बनाया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों की टीमों का गठन किया गया है।
उपसरपंच अंकित गोयल ने कहा कि “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं पोलियो-मुक्त भविष्य के लिए सहयोग करने की अपील की।



