कुसमी। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड खान प्रभाग सामरी से जुड़े ट्रक मालिकों द्वारा लंबित भुगतान को लेकर चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन आंदोलन के पांचवें दिन सोमवार को कांग्रेस पार्टी के जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने ट्रक मालिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनकी मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
*कांग्रेस नेताओं ने कहा कि—*
ट्रक मालिकों को लंबे समय से परिवहन का भुगतान नहीं मिलने के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। वाहन की किस्त, चालक-परिचालक का वेतन, डीजल, वाहन के रखरखाव, बीमा एवं अन्य आवश्यक खर्चों के साथ-साथ परिवार की जरूरतें पूरी करना भी उनके लिए मुश्किल हो गया है। बारिश के मौसम में भी ट्रक मालिक अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठने के लिए मजबूर हैं।
*इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने हिंडाल्को सामरी प्रबंधन से फोन पर चर्चा कर ट्रक मालिकों के लंबित भुगतान को शीघ्र कराने की मांग रखी।*
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता और पीड़ितों के साथ खड़ी रही है। ट्रक मालिकों का भुगतान लंबे समय से लंबित है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो ट्रक मालिक संघ द्वारा लिए जाने वाले आगामी निर्णय के अनुसार कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।
*पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने कहा कि ट्रक मालिकों की समस्याएं सुनकर यह स्पष्ट है कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें अनेक विषम परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है।*
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और हिंडाल्को प्रबंधन से चर्चा कर ट्रक मालिकों को नियमित रूप से समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रबंधन और ठेकेदार के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा ट्रक मालिकों को नहीं भुगतना चाहिए।
*ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने कहा कि ट्रक मालिकों की मांग बेहद स्पष्ट है—उन्हें समय पर परिवहन का भाड़ा दिया जाए। उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं मिलने से ट्रक मालिकों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और वे बारिश के बीच धरने पर बैठने के लिए मजबूर हैं।*
*हरीश मिश्रा ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि —*
आंदोलन की जानकारी होने के बावजूद अब तक प्रशासनिक अमले के अधिकारियों का धरना स्थल पर पहुंचकर ट्रक मालिकों की समस्याएं सुनना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और संबंधित प्रबंधन समय रहते मामले का समाधान नहीं करता है तो कांग्रेस पार्टी ट्रक मालिकों के आंदोलन को और मजबूती से समर्थन देगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खनन एवं परिवहन जैसे महत्वपूर्ण कार्य से जुड़े ट्रक मालिकों को समय पर भुगतान मिलना आवश्यक है। कंपनी, ठेकेदार और प्रशासन को आपसी समन्वय स्थापित कर भुगतान संबंधी समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि ट्रक मालिकों की मांगों का समाधान होने तक पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी। यदि लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो ट्रक मालिक संघ के निर्णय के अनुरूप आगामी आंदोलन में भी कांग्रेस पार्टी सक्रिय रूप से उनका समर्थन करेगी।
*समर्थन कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित*
इस दौरान समर्थन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष केपी सिंह देव, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, लघु वनोपज संघ जिला अध्यक्ष लाल साय मिंज, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संस्कृति, जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री विश्वजीत सिंह, जिला सचिव इंद्रदेव यादव, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष राजू पैकरा, नगर अध्यक्ष कुसमी राजेंद्र प्रसाद भगत, ब्लॉक अध्यक्ष कुसमी हरीश मिश्रा, चांदो ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल्ला खान, राजपुर ब्लॉक अध्यक्ष नीरज तिवारी, बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंह, राजेंद्र नगर ब्लॉक अध्यक्ष देव नारायण सिंह मरावी, राजपुर सेवादल अध्यक्ष देव बली टेकाम, सुनील भगत, प्रशांत विश्वास, संजीत चौबे, दिनेश कुजूर, सामरी मंडल अध्यक्ष खसरू बुनकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामलाल यादव, मुदस्सिर इराकी, झींगों मंडल अध्यक्ष सुनील भगत, पूर्व सरपंच घुघरी सुनील पैकरा, महफूज आलम, सलमान खान, मिथलेश गुप्ता, विक्रम गुप्ता, सतवंत यादव, सुनील, चंपालाल यादव, एडिट एलिन तिर्की, भूलन भगत जमीरा, बाघू बिरजिया, बीपी चंद एवं श्रवण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



