सरगुजा। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा, जिला सरगुजा के प्रतिनिधिमंडल ने मोर्चा के जिला संचालक कमलेश सिंह के नेतृत्व में सरगुजा सांसद आदरणीय चिंतामणि महाराज जी, छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री आदरणीय राजेश अग्रवाल जी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सरगुजा आदरणीय भारत सिंह सिसोदिया जी से मुलाकात कर शिक्षक एल.बी. संवर्ग की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। इस दौरान सांसद चिंतामणि महाराज जी ने शिक्षकों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना तथा मांगों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज एवं तथ्य उपलब्ध कराने को कहा, ताकि वे शिक्षकों की मांगों को संसद में प्रमुखता से रख सकें।

वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल जी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों की मांगों को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।
TET प्रभावित शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी
मोर्चा के जिला संचालक कमलेश सिंह ने कहा कि जिले के TET प्रभावित शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग के साथ संवाद और संघर्ष, दोनों स्तरों पर रणनीति के साथ कार्य किया जा रहा है।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में नियुक्त शिक्षकों के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में TET अनिवार्य नहीं था। ऐसे में वर्षों तक सेवा देने के बाद नई प्रक्रिया के तहत TET की अनिवार्यता से हजारों शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं।
मोर्चा ने सवाल उठाते हुए कहा कि 28 वर्षों तक शिक्षण सेवा और अनुभव रखने वाले शिक्षकों को अब दोबारा TET जैसी परीक्षा देने के लिए बाध्य क्यों किया जा रहा है? संगठन का कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के अनुभव एवं सेवाकाल को ध्यान में रखते हुए उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मोर्चा की प्रमुख पांच सूत्रीय मांगें
1. TET से मुक्ति एवं सेवा सुरक्षा
17 अगस्त 2012 तक नियुक्त प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के शिक्षकों को TET की बाध्यता से मुक्त करते हुए विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर उनकी सेवा सुरक्षित की जाए।
2. प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना
शिक्षक एल.बी. संवर्ग की पंचायत संवर्ग में प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए पूर्ण पुरानी पेंशन सहित शिक्षा विभाग में लागू समस्त लाभ प्रदान किए जाएं।
3. वेतन विसंगति दूर करना
शिक्षक संवर्ग की वेतन विसंगति दूर करने के लिए केंद्रीय वेतनमान लागू किया जाए।
4. 13 फरवरी 2026 के राजपत्र में संशोधन
शिक्षक हितों को ध्यान में रखते हुए 13 फरवरी 2026 के राजपत्र में आवश्यक संशोधन किया जाए।
5. D.Ed. प्रशिक्षित शिक्षकों के लिए B.Ed. ब्रिज कोर्स
D.Ed. प्रशिक्षित शिक्षकों के लिए B.Ed. ब्रिज कोर्स की व्यवस्था की जाए।
कमलेश सिंह, नरेंद्र मिश्रा,अरविन्द सिंह,काजेश घोष, सुरित राजवाड़े, राकेश दुबे, राजेश सिंह,नाजिम खान,राकेश पाण्डेय,लखन राजवाड़े, अमित सोनी,सुशील मिश्रा, विनोद यादव, अनीता तिवारी, प्रतिमा नामदेव, सविता सिंह, हरीश श्रीवास्तव, मोजसम खान, अनिल राइस, अनिल बंधे,सत्या भगत, धनजय सिंह, प्रदीप चंद्राकर दीपलेश्वर पैकरा सहित मोर्चा पदाधिकारियों ने इस प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से शिक्षकों को किया कि शिक्षकों के अधिकार, सेवा सुरक्षा एवं न्यायोचित मांगों को लेकर संगठन निरंतर प्रयासरत है। मांगों के निराकरण के लिए शासन एवं विभाग के साथ आवश्यक संवाद जारी रखते हुए शिक्षक हित में आगे की रणनीति तय की जाएगी।



