अम्बिकापुर। नगर निगम क्षेत्र की बदहाल सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्गों की जर्जर स्थिति और नागरिक सुविधाओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस द्वारा मंगलवार को प्रस्तावित चक्का जाम को पांच दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। प्रशासनिक पहल और राष्ट्रीय राजमार्गो पर शुरू किए गए मरम्मत कार्यों को देखते हुए यह निर्णय लिया है। हालांकि कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 20 सितंबर तक मरम्मत कार्यों में तेजी नहीं लाई गई और गुणवत्ता के साथ स्थायी सुधार नहीं किया गया तो इसके बाद आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने बताया कि कांग्रेस द्वारा दरिमा मोड़ से भारत माता चौक,घड़ी चौक से रेलवे स्टेशन तक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर की खराब सड़कों को लेकर चक्का जाम का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों ने पहल करते हुए सड़कों के गड्ढों को भरने का काम शुरू कराया है। प्रशासन की इस पहल को देखते हुए फिलहाल मंगलवार 15 सितंबर को प्रस्तावित चक्का जाम को पांच दिनों के लिए स्थगित किया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केवल गड्ढे भर देना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। सड़कों की मरम्मत गुणवत्ता के साथ हो और खराब हिस्सों का स्थायी सुधार किया जाए, यह कांग्रेस की प्रमुख मांग है। 20 सितंबर तक कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी की जाएगी। यदि अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पुनः सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। कांग्रेस ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शहर की अंदरूनी सड़कों पर बड़े पैमाने पर गड्ढे होने के बावजूद नगर निगम द्वारा इन्हें दुरुस्त करने की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।गंगापुर, नवापारा, वार्ड नम्बर 8 ,विशुनपुर,बौरीपारा सहित वार्डो की अदंरूनी सड़को का हाल बेहाल है।नगर निगम की लापरवाही चलते बरसात में गड्ढों को भरने का काम नहीं किया गया है।दो महीने पहले निर्मित सड़के भी उधड़ने लगी है।बरसात से पहले बनी गुरुनानक चौक, पुराना बस स्टैंड रोड की सड़कें उखड़ चुकी है।रिंग रोड सहित शहर की अधिकांश सड़को की सड़क बत्ती बंद है।साफ सफाई और जल निकासी की व्यवस्था ठप है।
बालकृष्ण पाठक और शफी अहमद ने कहा कि सड़क, बिजली और नागरिक सुविधाएं जनता के मूल अधिकारों से जुड़ी हुई हैं। शहर की जनता को बदहाल सड़कों, अंधेरे में डूबी सड़कों और बंद पड़ी सुविधाओं के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत के साथ नगर निगम को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि 20 सितंबर तक यदि सड़कों के गड्ढे भरने, स्ट्रीट लाइट चालू करने, बंद पड़ी विद्युत व्यवस्था बहाल करने और अन्य नागरिक समस्याओं के निराकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन करेगी। नेताओं ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और अधिक व्यापक तथा उग्र किया जाएगा।



