हेडलाइन: अंबिकापुर के बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में छात्र से 200 बार कथित अश्लील गाली लिखवाने का आरोप, डीईओ ने दिए जांच के आदेश
रायपुर /अंबिकापुर
कक्षा 8 के छात्र के अभिभावकों ने शिक्षिका पर लगाया गंभीर आरोप, छात्र संगठनों ने भी की कार्रवाई की मांग।
अंबिकापुर। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर स्थित Birla Open Minds International School में कक्षा 8 के एक छात्र से कथित रूप से 200 बार अश्लील गाली लिखवाने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। छात्र के अभिभावकों ने संबंधित शिक्षिका पर अनुचित व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं छात्र संगठनों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, दो विद्यार्थियों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद एक छात्र ने शिकायत की कि दूसरे छात्र ने अश्लील गाली दी। आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका ने संबंधित छात्र को कॉपी में 200 बार वही गाली लिखने के लिए कहा। अभिभावकों का कहना है कि छात्र ने पहले अंग्रेजी में लगभग 100 बार गाली लिखी, जिसके बाद उसे हिंदी में भी वही शब्द लिखने को कहा गया। आरोप है कि बाद में छात्र को उस कॉपी पर अपने अभिभावक के हस्ताक्षर कराकर लाने के निर्देश भी दिए गए।
अभिभावकों ने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए कहा कि किसी छात्र से अश्लील शब्द बार-बार लिखवाना शिक्षा के मूल्यों के विपरीत है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित शिक्षिका के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस मामले में DEO Dinesh Kumar Jha ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह गंभीर और आपत्तिजनक मामला है तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक स्कूल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका था। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।



