अंबिकापुर के गांधी नगर स्थित प्राथमिक शाला गांधी नगर में लगभग 125 बच्चे अध्ययनरत हैं। अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि विद्यालय में आज भी पेयजल एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। छोटे-छोटे बच्चों को पानी और शौचालय की सुविधा के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान की दृष्टि से गंभीर है।

यह भी उल्लेखनीय है कि प्राथमिक शाला गांधी नगर की प्रधान पाठकरेखा राय जी को शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है।लेकिन यह विडंबना है कि जिस विद्यालय की प्रधान पाठक को उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्यपाल पुरस्कार मिल रहा है, उसी विद्यालय में बच्चों के लिए पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उनके ख़िलाफ़ जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अंबिकापुर में गंभीर शिकायत भी है।

अतः आपसे निवेदन है कि बच्चों के हित एवं विद्यालय की गरिमा को ध्यान में रखते हुए शौचालय एवं पेयजल कार्य की स्वीकृति प्रदान करने की कृपा करें।
1. विद्यालय में आवश्यक एवं पर्याप्त शौचालय का निर्माण कराया जाए।
2. विद्यालय में स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था की जाए।
3. संबंधित विभाग को कार्य शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
विद्यालय के बच्चों को पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित होने जा रहे विद्यालय को इन बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखना अत्यंत चिंताजनक है।
अतः आपसे निवेदन है कि इस जनहित एवं बालहित के महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए आवश्यक राशि स्वीकृत कर कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने की कृपा करें।
(परवेज़ आलम गांधी)
सामाजिक कार्यकर्ता
अंबिकापुर



