मानवता और संवेदनशीलता की एक मार्मिक मिसाल प्रस्तुत करते हुए अनोखी सोच संस्था ने एक असहाय और गरीब परिवार की दिवंगत बेटी का विधिवत अंतिम संस्कार कर समाज के सामने सेवा और सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेनू रवि (उम्र 28 वर्ष), पिता संतोष रवि, निवासी मानीगेतरा, विश्रामपुर, जिला सूरजपुर, पिछले कुछ समय से फेफड़ों की गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं। उनकी स्थिति बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल सूरजपुर से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
रेनू रवि का परिवार अत्यंत गरीब एवं असहाय स्थिति में है। उनकी माता अस्पताल में बेटी की मृत्यु के बाद आर्थिक अभाव और सहयोग की कमी के कारण अत्यंत व्यथित होकर सहायता के लिए रो रही थीं। इस दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल के समीप स्थित पुलिस चौकी को घटना की जानकारी मिली। पुलिसकर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए अनोखी सोच संस्था के सदस्य सुनील साहू से संपर्क किया और पीड़ित परिवार की स्थिति से अवगत कराया।

सूचना मिलते ही संस्था के सदस्य सुनील साहू एवं संजीव चटर्जी तत्काल अस्पताल पहुंचे और मृतका की माता से मिलकर पूरी परिस्थिति को समझा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संस्था के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साहू से संपर्क कर रेनू रवि के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी लेने का निर्णय लिया गया।
मृतका की माता ने भावुक होकर बताया कि उनका यहां कोई सहारा नहीं है और उनके सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार महिला मृतक को अग्नि नहीं दे सकती। उन्होंने संस्था के सदस्यों से ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया।
इस करुणामय परिस्थिति में अनोखी सोच संस्था के सदस्यों ने सामूहिक निर्णय लेते हुए रेनू रवि का विधिवत अंतिम संस्कार कराने का संकल्प लिया। इसके पश्चात संस्था के सदस्य मृतका के पार्थिव शरीर को स्थानीय शंकर घाट मुक्तिधाम लेकर पहुंचे, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पांच सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से मुखाग्नि दी गई और अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।
इस दौरान उपस्थित लोगों के बीच अत्यंत भावुक वातावरण बना रहा। अनोखी सोच संस्था ने एक बार फिर यह साबित किया कि मानवता सबसे बड़ा धर्म है।
उल्लेखनीय है कि अनोखी सोच संस्था निरंतर ऐसे असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आती रही है, जिनका कोई सहारा नहीं होता। संस्था द्वारा पूर्व में भी अनेक बार अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्यों में सहयोग प्रदान किया गया है।
आज मुक्तिधाम में अनोखी सोच संस्था की ओर से अध्यक्ष प्रकाश साहू,अभय साहू,पंकज चौधरी,संजु चटर्जी, मोती ताम्रकार, सुनील साहू,मनोज अग्रवाल, भोला रक्सेल, समित मुंडा,गोपी साहू, अजय साहू,अजय ताम्रकार, निशांत जायसवाल, रमेश साहू बिट्टू मिश्रा, ननकू मुंडा, नीरज साहू, सावन करकेटा, लरंग मुंडा, रोहित सिंह, शौरभ दास, कार्तिक मिंज जगदम्बा साहू,संजय वगैरह शामिल रहे।



