सरगुजा के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच, राज्य स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी
अंबिकापुर। तिल्दा-नेवरा में आयोजित नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की वार्षिक बैठक में आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, खेल गतिविधियों के विस्तार तथा संगठनात्मक विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा के सचिव रजत सिंह एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी खुशबू गुप्ता ने सरगुजा का प्रतिनिधित्व किया। वहीं नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए। प्रदेश संघ के महासचिव राजेश राठौर द्वारा वर्ष भर की सम्पूर्ण रूप रेखा रखा गया।
बैठक में आगामी राज्य स्तरीय नेटबॉल चैंपियनशिप के आयोजन एवं सरगुजा जिले को इसकी मेजबानी देने को लेकर विशेष चर्चा की गई। साथ ही खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता, खेल कैलेंडर तथा जिले में नेटबॉल को और मजबूत करने की दिशा में कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ।
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा के सचिव रजत सिंह ने कहा कि सरगुजा के खिलाड़ी लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। यह पूरे सरगुजा के लिए गौरव का विषय है। राज्य स्तरीय चैंपियनशिप की मेजबानी जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सरगुजा में नेटबॉल को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। आगामी समय में सरगुजा में नेटबॉल की गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर बढ़ाने के लिए संगठन द्वारा विशेष प्रयास किए जाएंगे।



