कलाकेन्द्र मैदान के आबंटन में भारी भ्रष्टाचार के वार्तालाप का ऑडियो वायरल होने के बाद सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सरगुजा को ज्ञापन सौंप इस मामले की जांच के लिये एस0आई0टी0 गठन की मांग की है।
टेलिफोनिक वार्तालाप के इस वायरल वीडियो में कलाकेन्द्र मैदान में मीनाबाजार लगाने के लिये लाखो रुपय के लेनदेन की बात स्पष्ट हो रही है जिसके बारे में कहा जा रहा है कि इसमें मौजूद आवाज महापौर मंजूषा भगत और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की है। यह मामला प्रकाश में आने के बाद कांग्रेस ने 22 जून को कलेक्टर सरगुजा को एक ज्ञापन सौंप इस मामले की जांच हेतु विशेष जांच दल गठित करने का निवेदन किया था। हालांकि उसी दिन इस ऑडियो को एआई जनरेटेड बता महापौर ने आदिम जाति कल्याण थाना में एक लिखित शिकायत की थी। इस लिखित शिकायत पर पुलिस के विवेचना की जानकारी हेतु 27 जून शनिवार को कांग्रेस का एक दल निगम में नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में आजाक थाना जाकर जानकारी लिया था। आजाक थाना से यह जानकारी मिली थी कि यह मामला आजाक थाने के क्षेत्राधिकार का नहीं है। इस कारण आजाक थाने ने न तो इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है न ही इसकी विवेचना ही प्रारंभ की गई। इस परिस्थिति की जानकारी होने पर आज रविवार 28 जून को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सरगुजा से मुलाकात कर उनसे इस मामले में 3 दिनो के अंदर विशेष जांच दल के गठन की मांग की है। पुलिस अधीक्षक से चर्चा में निगम में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि महापौर के द्वारा दिये गये जांच आवेदन के उपरांत यह मामला बहुआयामी हो गया है। महापौर का आवेदन आदिवासी महिला के अत्याचार एवं इस ऑडियो के ए0आई0जनरेटेड होने की बात कह रहा है। वहीं ऑडियो का वार्तालाप सत्ता में बैठे लोगों के द्वारा गंभीर भ्रष्टाचार की पुष्टी करने का भी है। ऐसे में एक विशेष जांच दल का गठन कर समयबद्ध विवेचना उसके हाथ में देना उचित होगा। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि वाईस सैंपलिंग और उसके फोरिेंसिक जांच के साथ ही कॉल रिकार्ड की जांच से यह मामला दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा। पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के उपरांत मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस मामले से जुडे लोगों को स्वयं ही अपना अपना कॉल रिकार्ड सार्वजनिक कर अपने दामन में लगे दाग को धो लेना चाहिये। अगर वो इसमें हिचक रहे हैं तो दाल में काला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने आवेदन अनुरुप विशेष जांच दल के गठन हेतु 3 दिन का इंतजार करेगी। 3 दिनो में निष्कर्ष नहीं आता तो बडे आन्दोलन के साथ ही न्यायालय में परिवाद पेश करने पर भी फैसला लिया लायेगा। इस दौरान मो0 इस्लाम, हेमंत तिवारी, नुरुल अमीन सिद्धकी, मदन जायसवाल, संजय सिंह, जमील खान, लोकेश कुमार, जीवन यादव, विनय गुप्ता, लुकस एक्का, नरेन्द्र विश्वकर्मा, शुभम जायसवाल, अमित तिवारी राजा, सोहन जायसवाल, अमित सिन्हा, मिथुन सिंह, काजू खान, तीरथ चौधरी आदि मौजूद रहे।



