बलरामपुर चांदो
बलरामपुर/चांदो। बलरामपुर जिले के चांदो क्षेत्र अंतर्गत बसकेपी गांव में स्थित एक पोल्ट्री फार्म के पास अजगर निकलने से ग्रामीणों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर चांदो वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसकेपी गांव के किनारे स्थित पोल्ट्री फार्म के पास एक वयस्क भारतीय अजगर (इंडियन रॉक पाइथन) रेंगता हुआ दिखाई दिया। माना जा रहा है कि वह भोजन की तलाश में जंगल से भटककर पोल्ट्री फार्म तक पहुंच गया था।

अजगर को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण घबरा गए, लेकिन उन्होंने समझदारी का परिचय देते हुए उसे किसी प्रकार की क्षति पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चांदो वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर का सफल रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे आबादी से दूर उसके प्राकृतिक आवास, घने जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार का वन्यजीव आबादी क्षेत्र में दिखाई दे, तो उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।



