📍बलरामपुर
बलरामपुर जिले के चांदो क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मगाजी में स्थित छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी गौरलाटा अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती है, लेकिन लंबे समय से यहां पर्यटकों की आवाजाही बहुत कम देखने को मिल रही थी।
बलरामपुर जिले के लोग अक्सर दूर-दराज के पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं, जबकि अपने ही जिले में मौजूद गौरलाटा जैसी खूबसूरत प्राकृतिक धरोहर लोगों की नजरों से दूर है। स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलरामपुर अपडेट्स (Instagram/Facebook पेज) के संचालक प्रशांत कुमार नाग द्वारा “गौरलाटा चलो” पहल की शुरुआत की गई।

रविवार को इस पहल का असर देखने को मिला, जब देखते ही देखते गौरलाटा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और चोटी पर लोगों की भीड़ नजर आई। कम समय में सैकड़ों लोगों का जुड़ना इस बात को दर्शाता है कि जिले के लोग अब अपने आसपास के पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने के लिए आगे आ रहे हैं।
इस पहल को सफल बनाने में स्थानीय कंटेंट क्रिएटर, ब्लॉगर साथियों के साथ-साथ All India Trip पर निकले विशाल खरे (@jvishalraj_khare) का भी विशेष योगदान रहा, जिन्होंने गौरलाटा की खूबसूरती को करीब से देखा और लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
इसके साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए गौरलाटा क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर नीचे लाकर स्वच्छ भारत अभियान में भी सहयोग दिया।
गौरलाटा केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि बलरामपुर और छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक पहचान है। ऐसी पहलें निश्चित रूप से जिले के पर्यटन को नई दिशा देने में मददगार साबित होंगी।



