नगर निगम अम्बिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने वार्ड क्रमांक 14 के गंगापुर रोड स्थित मुखर्जी कॉलोनी (आदर्श नगर) में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने कॉलोनीवासियों के साथ पूरी कॉलोनी का पैदल भ्रमण कर सड़क, नाली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
महापौर को अपने बीच पाकर मोहल्लेवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि लगभग 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पहली बार किसी महापौर ने स्वयं हमारी गलियों में पहुँचकर, पैदल भ्रमण कर हमारी समस्याओं को नजदीक से समझने और उनके निराकरण के लिए पहल करने का प्रयास किया है। महापौर का इस तरह सीधे जनता के बीच पहुँचकर समस्याएँ सुनना निश्चित रूप से सराहनीय है।
कॉलोनीवासियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि वर्ष 2012 से 2015 के बीच भारतीय जनता पार्टी की निगम सरकार के कार्यकाल में जो भी मूलभूत विकास कार्य हुए थे, उसके बाद पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मोहल्ले की सड़क, नाली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय नया कार्य नहीं हुआ। यहां तक कि पूर्व में निर्मित सुविधाओं के रखरखाव एवं मरम्मत (मेंटेनेंस) की ओर भी अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।
मोहल्लेवासियों का कहना था कि अब लगभग 15 वर्षों बाद वार्ड में भाजपा की पार्षद श्रीमती अनिता रविन्द्र गुप्त ‘भारती’ तथा नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के नेतृत्व में वार्ड के विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर एक नई पहल की शुरुआत हुई है। जनता को उम्मीद है कि उनकी वर्षों से लंबित समस्याओं का अब प्राथमिकता के आधार पर निराकरण होगा।
इस दौरान महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर का यह जनसंपर्क और जमीनी स्तर पर समस्याओं का जायजा लेना इस बात का संदेश देता है कि नगर सरकार की प्राथमिकता केवल विकास कार्यों का भूमिपूजन करना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच पहुँचकर उनकी वास्तविक जरूरतों को समझना और उनका समाधान करना भी है।
इस अवसर पर वार्ड के गणमान्य नागरिक, महिलाएँ, मोहल्लेवासी, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



