@@ षड्यंत्र रचकर धान खरीदी से वंचित करने का न करने प्रयास
महासमुंद। पूर्व संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने राज्य सरकार पर किसानों के साथ सुनियोजित षड्यंत्र रचने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि किसानों का धान नहीं खरीद सकती तो हाथ जोड़कर माफी मांग ले कि हम आपका धान नहीं खरीद सकते। तरह-तरह के व्यवधान उत्पन्न कर किसानों को धान बेचने से रोकने का षड्यंत्र न रचे। किसानों का एक-एक दाना खरीदने का दंभ भरने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही किसानों को उनकी उपज बेचने से वंचित किया जा रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अन्यायपूर्ण है।

श्री चंद्राकर ने बताया कि सहकारी समितियों के निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। प्रत्येक समिति में पंजीकृत किसानों में से 30 से 35 प्रतिशत किसानों का रकबा शून्य कर दिया गया है। वहीं लगभग 15 प्रतिशत किसानों के खेतों में दलहन-तिलहन की फसल दर्ज कर दी गई है। धान के सीजन में कहीं तिवरा, तो कहीं राहल, चना, कपास, सूरजमुखी आदि फसलों के रिकार्ड दिख रहे हैं, जबकि जिन खेतों में दलहन-तिलहन दर्शाया जा रहा है, वहां वास्तव में धान की फसल खड़ी है। इससे साफ जाहिर होता है कि ऑनलाइन पोर्टल में जानबूझकर रकबा गायब करने और गलत फसल दर्ज करने का काम किया गया है।
पूर्व संसदीय सचिव ने कहा कि जिस तरह से समितियों में किसानों का रकबा गायब किया गया है, उससे यही लग रहा है कि सरकार किसानों का पूरा धान नहीं खरीदना चाहती। महज तीन साल के कार्यकाल में ही धान खरीदी में सरकार के पसीने छूट गए हैं। किसानों की समृद्धि व आत्मनिर्भरता के लिए कांग्रेस शासनकाल में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जो कार्य किए और जो व्यवस्थाएं बनाई थीं, उन्हें बिगाड़कर तरह-तरह के एप और सर्वे के नाम पर भाजपा सरकार जानबूझकर किसानों को परेशान कर रही है।
श्री चंद्राकर ने चेतावनी दी कि किसानों के साथ यह अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि समस्त किसानों का रकबा तत्काल सुधार कर एक-एक दाना धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए, अन्यथा आगामी समय में उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। आज श्री चंद्राकर सहकारी समिति शेर, बेलसोंडा, बम्हनी और बरोंडाबाजार के निरीक्षण में पहुंचे थे। वहां भी किसान धान बेचने के लिए परेशान दिखे और उन्होंने पूर्व विधायक को अपनी समस्याएं बताईं। जिस पर श्री चंद्राकर ने कहा कि किसानों का हक दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा और इस लड़ाई में किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।



