@@ पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने झलप, तुरेंगा, सरेकेल व डुमरपाली समितियों का किया निरीक्षण
महासमुंद। धान खरीदी शुरू हुए अभी 4 दिन ही हुए हैं और सरकार की अव्यवस्था की पोल खुलने लगी है। पूर्व संसदीय सचिव छग शासन व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में पहुंच रहे हैं। वे केंद्रों में खरीदी की तैयारी व किसानों से चर्चा कर वस्तुस्थिति से अवगत हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज श्री चंद्राकर झलप, तुरेंगा, सरेकेल व डुमरपाली समिति के धान खरीदी केंद्र पहुंचकर किसानों से चर्चा की। उन्होंने प्रभारियों से चर्चा कर किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की बात कही।
श्री चंद्राकर ने किसानों को बताया कि धान भराई व तौलाई के नाम पर पैसा नहीं देना है। उन्होंने बताया कि शासन तौलाई व भराई की राशि देती है। इसके बाद भी कई केंद्रों पर किसानों से वसूली की शिकायत मिल रही है, जो पूरी तरह गलत है। किसानों को जागरूक रहना होगा और किसी भी तरह की अवैध वसूली का विरोध करना होगा।
श्री चंद्राकर ने कहा कि ऐसी जानकारी भी मिल रही है कि शासन द्वारा धान उठाव के लिए डीओ 15 जनवरी के बाद जारी किया जाएगा, जो पूरी तरह अव्यवहारिक है। ऐसी स्थिति में समितियों में धान जाम होगा। अधिकांश सोसायटियों में डेढ़ लाख कट्टा धान खरीदने की सीमा होती है, लेकिन सोसायटी में 25-30 हजार कट्टा धान खरीदी के बाद ही जाम के हालात उत्पन्न हो जाते हैं। अधिकांश समितियों में तो 15 दिन की खरीदी के बाद ही धान रखने की जगह नहीं बचती। ऐसे में 2 माह बाद उठाव के लिए डीओ जारी करने की जानकारी सामने आना चिंतनीय है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि समितियों में धान जाम होने से पहले ही धान उठाव की व्यवस्था हो जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार में समितियों में धान जाम होने जैसे हालात उत्पन्न नहीं हुए थे। समितियों से धान उठाव के लिए मिलरों को समय पर डीओ जारी कर दिया जाता था। खरीदी के साथ-साथ उठाव चलता रहता था, इसलिए किसान को परेशानी नहीं होती थी। लेकिन अब सरकार की लापरवाही से किसान फिर संकट में फंस जाएगा। उनके साथ किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मानिक साहू, कांग्रेस नेता दिलीप चंद्राकर, लेडगा राम साहू, डागा राम, संतोष साहू, विक्की पटेल, तिकेश्वर दारा साहू, जगत देवदास, प्रीतम यादव, सोनू आदि मौजूद थे।



