अम्बिकापुर। दीपावली के पावन पर्व पर गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में बास्केटबॉल संघ परिवार द्वारा खेल भावना और आपसी एकता का अनूठा परिचय देते हुए आकर्षक रंगोली बनाई गई।
गौरतलब है कि गांधी स्टेडियम के बास्केटबॉल कोर्ट में दीपावली के अवसर पर रंगोली बनाने की यह परंपरा वर्ष 2013 से निरंतर चली आ रही है। हर वर्ष बास्केटबॉल खिलाड़ी दीपावली के आगमन पर अपने खेल मैदान की साफ-सफाई करते हैं तथा उसे रंगोली और दीपों से सजाकर त्योहार मनाते हैं।
जिस प्रकार बच्चे और परिवार दीपावली के अवसर पर अपने घरों की साफ-सफाई एवं सजावट करते हैं, उसी भावना के साथ बास्केटबॉल खिलाड़ी अपने खेल मैदान को भी अपना घर मानकर उसकी साफ-सफाई और सजावट करते हैं।
इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि खिलाड़ी केवल रंगोली बनाकर ही नहीं रुकते, बल्कि छोटे दीपावली और बड़ी दीपावली के अवसर पर शाम को सभी खिलाड़ी मिलकर पूरे बास्केटबॉल ग्राउंड में दीप प्रज्वलित करते हैं। दीपों की रोशनी से सजा खेल मैदान आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और खेल के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
बास्केटबॉल संघ परिवार की यह पहल दर्शाती है कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों के बीच पारिवारिक जुड़ाव, सामाजिक समरसता और अपनी खेल संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करता है।
बास्केटबॉल संघ परिवार का संदेश है कि हमारा खेल मैदान केवल खेलने का स्थान नहीं, बल्कि हमारा दूसरा घर और हमारी पहचान है।
🏀 खेल भावना • एकता • भाईचारा • परंपरा 🪔



