*पुलिस शहीदों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्र निर्माण में पुलिस की भूमिका को जन-जन तक पहुंचाने के लिए होंगे विविध आयोजन।*
*सूरजपुर।* जिले में 21 से 31 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय पुलिस झण्डा दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा पुलिस शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ पुलिस की भूमिका एवं योगदान के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) की उपस्थिति में पुलिस लाइन सूरजपुर में विभिन्न खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों की दो टीमों के बीच रस्सा खींच प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में अधिकारियों ने पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से पुलिसकर्मियों में आपसी समन्वय, टीम भावना और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय पुलिस झण्डा दिवस पुलिस के शहीदों के शौर्य, साहस और सर्वाेच्च बलिदान को याद करने तथा उनके योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान जिले के विभिन्न ग्रामों एवं शैक्षणिक संस्थानों में पुलिस के वीर शहीदों की शौर्यगाथाओं और उनके योगदान की जानकारी दी जाएगी। साथ ही “राष्ट्र निर्माण में पुलिस की भूमिका” विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों एवं आमजन को पुलिस के कर्तव्यों, दायित्वों और राष्ट्र के प्रति समर्पण से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट रहना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की खेलकूद गतिविधियां न केवल शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाती हैं, बल्कि आपसी सहयोग, अनुशासन, टीम भावना और कार्यक्षमता को भी मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, स्टेनो पुष्पेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न थाना-चौकी प्रभारी तथा पुलिस लाइन एवं जिले के विभिन्न थानों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



