*ग्रामीण विकास और आर्थिक सशक्तिकरण की राह मजबूत कर रही शासन की योजनाएंकृश्री रामसेवक पैकरा*
*केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहा हर वर्ग को संबलकृविधायक श्री मरावी*
*सेवा संकल्प अभियान में बाल विवाह मुक्त और नशामुक्त समाज एवं टीबी मुक्त भारत के निर्माण का लिया गया संकल्प*
*सूरजपुर/06 अक्टूबर 2026/* सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विकासखंड ओड़गी के ग्राम दवनसरा और विकासखंड भैयाथान के कोरकोटि में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। दवनसरा शिविर में वन विकास निगम अध्यक्ष श्री राम सेवक पैंकरा, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी के आतिथ्य में शिविर आयोजित हुआ।शिविर में विभागीय स्टॉल के माध्यम से जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही हितग्राहियों को सामग्री वितरण कर लाभान्वित किया गया।
वन विकास निगम अध्यक्ष श्री राम सेवक पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर सेवा सेतु शिविरों का आयोजन कर प्रशासन ग्रामीणों तक पहुंच रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का समाधान करना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं महिलाओं, किसानों और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को वर्ष में तीन किस्तों में कुल छह हजार रुपये प्रदान किया जा रहा है। किसानों को कृषि कार्य के लिए पंप कनेक्शन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने योजनाएं संचालित हैं।
ग्रामीण विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों की मुख्य मार्गों तक पहुंच सुगम हुई है। सड़कों, पुलों एवं पुलियों के निर्माण से आवागमन की सुविधाओं का विस्तार हुआ है। शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए पात्र छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे शिक्षित और आत्मनिर्भर बनकर परिवार एवं समाज की प्रगति में योगदान दे सकें।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी का आह्वान करते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। फलदार पौधे लगाने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एक माह तक विविध कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं। यह अभियान जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्री रामलला दर्शन योजना, विद्युत सुविधाओं के विस्तार एवं आयुष्मान कार्ड के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ लेने का आह्वान किया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा लाल राजवाड़े ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गांव-गांव में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से विभागीय अधिकारी ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने आमजनों से शिविरों में सहभागी होकर लाभ लेने की बात कही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों को बाल विवाह की रोकथाम तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूकता बढ़ाने, बच्चों की शिक्षा एवं अधिकारों के संरक्षण में सहयोग करने तथा बाल विवाह रोकने के प्रयासों में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
साथ ही उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने, परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ ली। उन्होंने टीबी मुक्त भारत निर्माण के लिए भी शपथ दिलाई। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष ओड़गी श्रीमती इन्द्रमणी पैकरा, जिला पंचायत सदस्य श्री लवकेश पैकरा, अन्य जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



