*सूरजपुर/06 अक्टूबर 2026/* सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत दवनसरा में विकासखंड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं के सम्मान एवं मातृत्व की मंगलकामना के साथ गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजवाड़े सहित अन्य अतिथियों ने श्रीमती शर्मीला , श्रीमती प्रमिला एवं श्रीमती मन्नू पति श्री विकास यादव की गोद भराई की।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित मातृत्व, संतुलित पोषण एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी गई। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के हितग्राही तक पहुंचाने की दिशा में सेवा सेतु शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की सेवाओं को सहज और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



