सामरी/बलरामपुर। ट्रक मालिक संघ सामरी सोसायटी द्वारा ट्रांसपोर्टिंग पेमेंट एवं लंबित भुगतान के संबंध में हिंडालको कंपनी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर लंबित भुगतान शीघ्र किए जाने की मांग की गई है।

संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि ट्रक मालिकों द्वारा कंपनी के लिए लगातार परिवहन कार्य किया जा रहा है, लेकिन ट्रांसपोर्टिंग पेमेंट लंबित होने के कारण वाहन मालिकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने 22 सितंबर 2026 तक के पुराने लंबित ट्रांसपोर्टिंग पेमेंट का शीघ्र भुगतान किए जाने की मांग की है।
ट्रक मालिक संघ के अनुसार, भुगतान में देरी होने से वाहन मालिकों को वाहन की किस्त, डीजल सहित अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने में परेशानी हो रही है। संघ ने प्रबंधन से मांग की है कि लंबित भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर नियमित एवं समय पर भुगतान व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जी.एन.सी. कंपनी, कलेक्टर महोदया जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को सादर सूचना एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु दी गई है।
ट्रक मालिक संघ सामरी ने कहा कि वाहन मालिकों की समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं होने पर संघ द्वारा आगे उचित कदम उठाया जाएगा।



