कन्या स्कूल में बालिका क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ बालिका शिक्षा के साथ बालिका क्रिकेट को बढ़ावा देने की पहल
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर के प्रांगण में बालिकाओं हेतु क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। सरगुजा जिले में बालिकाओं के बीच क्रिकेट खेल के प्रति रुचि एवं सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।

प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर गुरु नानक वार्ड के पार्षद श्री शैलेश कुमार सिंह (शैलू भैया), संस्था की प्राचार्या श्रीमती अपर्णा दुबे तथा स्कूल गेम्स क्रिकेट कोच श्री शौभिक दासगुप्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्था के व्यायाम शिक्षक एवं राष्ट्रीय कोच श्री राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026–27 में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर में क्रिकेट खेल को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरगुजा जिले को एक सशक्त बालिका क्रिकेट टीम प्रदान करने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए संस्था की प्राचार्या सहित समस्त शिक्षकगण पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। बालिका क्रिकेट टीम का नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण संस्था के श्री शैलेन्द्र कस्तूरिया, श्री मंसूर आलम, श्री हुलेश साहू एवं श्रीमती कविता बंसल की देखरेख में संचालित किया जाएगा।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल बालिकाओं में खेल भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा भविष्य में जिले को प्रतिभाशाली महिला क्रिकेट खिलाड़ी प्राप्त होंगी।



