गतका ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नई प्रतिभाओं की खोज, खिलाड़ियों को मिला प्रशिक्षण
अंबिकापुर। दशमेश पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर द्वारा द गतका एसोसिएशन ऑफ सरगुजा के सहयोग एवं द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ से संबद्धता में आज “गतका ओरिएंटेशन प्रोग्राम–2026” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सरगुजा के राष्ट्रीय गतका खिलाड़ियों द्वारा विद्यार्थियों को गतका खेल का परिचय देते हुए इसकी विभिन्न तकनीकों एवं बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही हाल ही में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय गतका चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन (ट्रायल) भी लिया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने तथा नई प्रतिभाओं को अवसर देने के उद्देश्य से इस विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
वहीं द गतका एसोसिएशन ऑफ सरगुजा के बलविंदर सिंह छाबड़ा ने कहा कि जिले में गतका खेल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सरगुजा का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य ममता विश्वकर्मा, विद्यालय के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह छाबड़ा, विद्यालय समिति के सदस्य एवं अकादमिक हेड जितेंद्र सिंह सोढी, गतका टेक्निकल मेंबर कृष्णा एक्का, गतका डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर रजत सिंह, खेल प्रशिक्षक आकाश कश्यप, शरणजीत कौर सहित विद्यालय परिवार एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।



