इन ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की यह बैठक धौरपुर पैलेस और ग्राम जरहाडीह में किसान कांग्रेस लुंड्रा के ब्लॉक अध्यक्ष पवन साय के निवास पर सम्पन हुई। संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत जिला से बूथ स्तर तक तैयार किये गए संगठन को समन्वित करने एवं संगठन में जिम्मेदारियों के क्रम को बांटने की दृष्टि से इन विस्तारित बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी, ब्लॉक में मौजूद जिला कार्यकारिणी के सदस्य, मंडल अध्यक्ष और उनकी कार्यकारणी, बूथ और पंचायत कमेटी के प्रमुख उपस्थित रहे। संगठन सृजन के इस अभियान में बूथ तक कांग्रेस के इस संगठन को खड़ा करने के उद्देश्य को समझाते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कॉंग्रेस का उद्देश्य सभी बूथों में प्रत्येक मतदाता से सीधे संपर्क कर उसकी समस्याओं को जानना, उसके आधार पर संगठन के कार्यक्रम बनाने के लिए फीडबैक देना और उस मतदाता के मतदान प्राथमिकता को लेकर आग्रह तक करना शामिल है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई प्रत्याशी हो, या किसी भी स्तर का संगठन प्रमुख वो प्रत्येक बूथ के प्रत्येक मतदाता से सीधे संपर्क नहीं कर सकता। लेकिन एक बूथ अध्यक्ष और उसकी टीम उस बूथ के प्रत्येक मतदाता से निरंतर संपर्क में रहते हुए पार्टी की प्राथमिकताओं और उसके कार्यक्रम से अवगत करा सकता है। उन्होंने कहा कि बूथ लेबल पर औपचारिक संगठन के अभाव में हम अपनी सफलताओं और भाजपा की विफलताओं जैसे राममंदिर में चढ़ावा चोरी के साथ ही साथ नीट परीक्षा लीक, वोट चोरी जैसे मुद्दों को पहुँचा नहीं पाते थे, लेकिन आज हम ऐसा करने में सक्षम हो गये हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने संगठन में नवगठित बूथ एवं पंचायत कमेटी अब कॉंग्रेस की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। उन्होंने कहा कि बूथ और पंचायत स्तर पर आपके काम का मूल्यांकन संगठन में आपके प्रमोशन का आधार बनेगा। उन्होंने बूथ और पंचायत कमेटियों के प्रमुखों को आगामी चुनाव में प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस के वोट में एक निश्चित मात्रा में बढ़ोतरी का टारगेट भी दिया। इस दौरान पीसीसी सदस्य सोमेश्वर शरण सिंहदेव, पूर्व विधायक रामदेव राम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, धौरपुर ब्लॉक प्रभारी राजीव सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम प्रताप सिंह एवं प्रदीप गुप्ता, जमील खान, गंगा सिंह, अमित सिंह, सूरज यादव, पवन साय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।



