अंबिकापुर, 2 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा आज राजीव भवन में अविभाजित मध्यप्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय पंडित रविशंकर शुक्ल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय पंडित विद्याचरण शुक्ल की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि स्वर्गीय पंडित रविशंकर शुक्ल ने प्रदेश के विकास की सुदृढ़ नींव रखी और अपने दूरदर्शी नेतृत्व से जनसेवा की अनुकरणीय परंपरा स्थापित की। वहीं स्वर्गीय पंडित विद्याचरण शुक्ल ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित और विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं का जीवन संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है तथा उनके आदर्श आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धनजल, उपाध्यक्ष मो. इस्लामुद्दीन,महामंत्री जमील खान,प्रवक्ता नरेंद्र कुमार विश्वकर्मा,पार्षद लुक्स एक्का,मंडल अध्यक्ष सोहन जायसवाल,आलोक कुमार गुप्ता, अमित वर्मा,धनमीत सिंह, रोशन कनोजिया, विकास, सोहेल अली,शकीला, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने दोनों दिवंगत नेताओं के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज एवं राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।



