राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि विशेष रिपोर्ट,,,
दिनांक 01/08/2026
लोकेशन, अम्बिकापुर जिला सरगुजा छत्तीसगढ़।।
सरगुजा /अम्बिकापुर,, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु तथा एक अन्य श्रमिक के घायल होने की घटना पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और मानवता को झकझोर देने वाली बताया।
छत्तीसगढ़ लोकप्रिय कैबिनेट
मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि आतंकवाद के इस कायरतापूर्ण कृत्य ने पूरे प्रदेश को गहरे दुःख में डाल दिया है। उन्होंने दिवंगत श्रमिक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस असहनीय दुख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ खड़ी है। सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का प्रत्येक श्रमिक राज्य की अमूल्य पूंजी है। रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों में कार्य करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसी दुखद घटनाएं न केवल पीड़ित परिवारों को, बल्कि पूरे समाज को गहरे आघात पहुंचाती हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार संबंधित परिवारों के संपर्क में है और हर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
मंत्री श्री अग्रवाल ने घायल श्रमिक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें तथा दिवंगत श्रमिक की पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की भी प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश एकजुट है और ऐसे कायराना हमले कभी भी देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर नहीं कर सकते। आतंक फैलाने वाली ताकतों के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंत में कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का है। राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहेगी और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।



