पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव की प्रेरणा से सरगुजा जिला NSUI ने स्कूलों और कॉलेज में ” छात्र संवाद” के नाम से एक कार्यक्रम की शुरूआत शहर के एक निजी स्कूल माउंट लिटेरा से प्रारंभ किया है। इस कार्यक्रम में आज पूर्व उपमुख्यमंत्री ने छोटे छोटे बच्चों के भारीभरकम सवालों का सामना किया। दरअसल वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में छात्रों के व्यवहारिक अनुभव, शासन-प्रशासन से उनकी अपेक्षाओं एवं देश के लोकतांत्रिक और सामाजिक प्रणाली पर इस पीढ़ी के विचारों को समझने और उनसे संवाद करने के लिए इस कार्यक्रम की शुरुआत NSUI ने की है। करीब डेढ़ घंटे के इस कार्यक्रम में इन स्कूली बच्चों के द्वारा एक अच्छा लीडर कौन होता है, और दूसरे देशों की तुलना में हमारे देश के नागरिकों में स्व अनुशासन की कमी सहित महतारी वंदन जैसे बेनेफिट ट्रांसफर स्कीम पर पूर्व उपमुख्यमंत्री से सवाल किया। छात्रों की जिज्ञासा को शांत करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक अच्छा लीडर वही होता है जो आमजन की बातों को सुनकर आमजन के हित और कल्याण में काम करे। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को अनुशासित करने के लिए दबाव बनाना एक नकारात्मक पहल है। सफाई, स्वच्छता, यातायात के नियमों में महत्वपूर्ण होगा मैं स्वयं के साथ ही नागरिकों को भी स्वयं अनुशासित होना होगा, तभी देश अनुशासन के लय को प्राप्त करेगा। स्कूली छात्रों ने डायरेक्ट बेनिफिट स्कीम महतारीं वंदन के औचित्य पर सवाल उठाते हुए उसकी राशि के विकास कार्यों में खर्च पर बल दिया। इसका जवाब देते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय राज्य की अवधारणा लोक कल्याण से जुड़ी हुई है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों के साथ खड़ा होना और उन्हें मदद करना आवश्यक है। उनकी आमदनी में वृद्धि करने का काम भी विकास को बढ़ाता है।

छात्र संवाद के इस कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को यह प्रेरित किया कि जीवन की सफलता केवल अंकों को हासिल करने में नहीं साथ ही उचित दृष्टिकोण, अच्छे चरित्र और कौशल के निर्माण और अनुशासित जीवन के माध्यम से भी प्राप्त होता है। इस कार्यक्रम के दौरान माउंट लिटेरा स्कूल के शिक्षक के पी दीक्षित, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित, डॉ बृजेश पांडेय के साथ ही साथ NSUI जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल, आलोक सिंह, नीतीश चौरसिया, सतीश बारी, धीरज गुप्ता, अंकित जायसवाल, अतुल यादव आदि उपस्थित रहे। छात्र संवाद कार्यक्रम पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव की उपस्थिति में आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



