संवाददाता/सौरभ साहू
दिनांक 26/07/2026
लोकेशन सूरजपुर छत्तीसगढ़
सूरजपुर,, जिले के
प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के कई ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि कुछ स्कूलों में शिक्षकों के शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने तथा नियमित पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। इसके बावजूद कठोर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रदेश और देश में युवाओं के भविष्य तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात की जाती है, तब सबसे पहले स्कूलों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। उनका कहना है कि यदि कोई शिक्षक शराब के नशे में विद्यालय पहुंचता है तो उसके खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।
क्षेत्र के नागरिकों ने प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी से मांग की है कि वे इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाएं और शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराएं। लोगों का कहना है कि केवल शिक्षा सुधार पर बयान देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी दिखाई देनी चाहिए।
अभिभावकों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य किसी भी प्रकार की लापरवाही की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए। यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन सहित नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से भी मांग की है कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा जहां भी शराब के नशे में ड्यूटी करने या कर्तव्य में लापरवाही की शिकायत मिले, वहां तत्काल कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए।। अब देखना यह होगा कि क्षेत्रीय विधायक इस मामले को कबतक संज्ञान में लेकर उचित कार्यवाही कराते हैं,या सिर्फ दिखावी आश्वासन से काम चलता रहेगा।।



