अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन, रायपुर द्वारा माना शूटिंग रेंज में 11 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक आयोजित 25वीं स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता 2026 में सरगुजा के निशानेबाजों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना वर्चस्व कायम रखा। प्रतियोगिता में सरगुजा के खिलाड़ियों ने कुल 12 पदक अपने नाम किए।
राइफल इवेंट के ओपन साइट 50 मीटर राइफल प्रोन सीनियर पुरुष वर्ग में अदीब सिद्धकी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। इसी वर्ग के टीम इवेंट में अदीब सिद्धकी, आलोक कुमार सिंह एवं जावेद खान की टीम ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं बंटी मंडल, निशांत सिंह देव एवं अभिरथ सिंह देव की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
पीप साइट 50 मीटर राइफल प्रोन यूथ पुरुष वर्ग में अलकान फिरदौसी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं ओपन साइट 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर पुरुष वर्ग में अभिरथ सिंह देव ने रजत पदक तथा अनफ रजा खान ने कांस्य पदक जीता।
पिस्टल इवेंट में सरगुजा के प्रसिद्ध निशानेबाज एवं कोच सकील फिरदौसी ने 50 मीटर पिस्टल इंडिविजुअल सीनियर पुरुष वर्ग तथा 10 मीटर पिस्टल इंडिविजुअल मास्टर पुरुष वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दोनों प्रतियोगिताओं में रजत पदक प्राप्त किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आगामी 10वीं ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप एवं जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए सरगुजा के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में अदीब सिद्धकी, अलकान फिरदौसी, सकील फिरदौसी तथा 10 मीटर पिस्टल जूनियर मेन वर्ग के लिए विशेष श्रीवास्तव शामिल हैं।
सरगुजा के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों एवं खेल संगठनों ने सभी विजेता खिलाड़ियों और चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।



