सम्मान और समान सहयोग की मांग पर एकजुट हुए पत्रकार, शपथ ग्रहण समारोह की कवरेज का किया बहिष्कार,,,,
राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू
लोकेशन, चिरमिरी जिला एमसीबी छत्तीसगढ़।।
एमसीबी/चिरमिरी, दिनांक 11 जुलाई 2026 को चिरमिरी नगर निगम कार्यालय में आयोजित एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उस समय एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जब जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े सभी वरिष्ठ पत्रकार एक मंच पर एकजुट होकर पत्रकार सम्मान, समान व्यवहार और संस्थागत सहयोग की मांग को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। शपथ ग्रहण समारोह में स्वास्थ्य मंत्री, कलेक्टर, विधायक, महापौर, जिला अध्यक्ष, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसी दौरान चिरमिरी के सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों ने एक स्वर में अपनी आवाज बुलंद करते हुए “पत्रकार एकता जिंदाबाद” के नारे लगाए और कार्यक्रम की कवरेज का सामूहिक बहिष्कार किया।। पत्रकारों का कहना था कि नगर निगम के विभिन्न कार्यक्रमों एवं आयोजनों में स्थानीय मीडिया को अपेक्षित सम्मान, समान अवसर और संस्थागत सहयोग नहीं मिल रहा है। आमंत्रण पत्रों में पत्रकारों के नाम अंकित नहीं किए जाते, बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होती तथा संवाद और समन्वय की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। पत्रकारों ने यह भी कहा कि नगर निगम के विभिन्न आयोजनों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों में स्थानीय प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को समान रूप से सहयोग नहीं दिया जाता, जबकि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है।
पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि पत्रकारों के सम्मान, अधिकार, समान अवसर और बेहतर समन्वय की मांग को लेकर है। सभी पत्रकारों ने कहा कि जब तक पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों को गंभीरता से नहीं लिया जाएगा, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से उनकी आवाज उठती रहेगी।



