अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने अंबिकापुर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान का स्वागत करते हुए कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई, किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों का नियमित सत्यापन तथा थानों में मुसाफिरी दर्ज कराने की प्रभावी व्यवस्था शहर की सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के हत्या के आरोपी साबिर अली के लंबे समय तक अंबिकापुर में छिपे रहने और बाद में फरार हो जाने की घटना ने पुलिस के सूचना एवं संपर्क तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता को उजागर किया है। झारखंड पुलिस की घोर लापरवाही है। ऐसी घटनाएं बताती हैं कि स्थानीय स्तर पर सूचना संग्रह, विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय तथा सतत निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए।
परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि दूसरे जिले, दूसरे राज्य अथवा दूसरे देश से आकर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन होना चाहिए तथा उनकी जानकारी स्थानीय पुलिस के पास उपलब्ध रहनी चाहिए। साथ ही अंबिकापुर शहर की सभी प्रमुख प्रवेश सीमाओं पर नियमित वाहन जांच और निगरानी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि सत्यापन अभियान किसी एक शिकायत, ज्ञापन, वार्ड, मोहल्ले या किसी तक सीमित नहीं होना चाहिए। यदि अभियान चलाया जा रहा है तो वह पूरे अंबिकापुर शहर के सभी वार्डों, सभी मोहल्लों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से संचालित किया जाना चाहिए। कानून का पालन सभी नागरिकों के लिए समान है, इसलिए उसकी प्रक्रिया भी समान और निष्पक्ष दिखाई देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी क्षेत्र में शरण ले सकते हैं, इसलिए केवल कुछ स्थानों पर कार्रवाई करने के बजाय पूरे शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सत्यापन अभियान चलाना अधिक प्रभावी होगा। इससे पुलिस को वास्तविक सूचनाएं प्राप्त होंगी और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था भी मजबूत होगी।
परवेज़ गांधी ने सुझाव दिया कि प्रत्येक वार्ड में पुलिस मित्र व्यवस्था को सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों के सहयोग से बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारियां समय पर पुलिस तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता जितनी मजबूत होगी, अपराध नियंत्रण भी उतना ही प्रभावी होगा।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि सत्यापन अभियान अंबिकापुर शहर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से संचालित किया जाए, पुलिस के सूचना एवं संपर्क तंत्र को आधुनिक एवं मजबूत बनाया जाए तथा प्रत्येक वार्ड में पुलिस मित्र व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। इससे कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।
परवेज़ आलम गांधी
प्रदेश महासचिव
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी, अल्पसंख्यक विभाग



