अंबिकापुर, 8 जुलाई। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, सरगुजा संभाग को ज्ञापन सौंपकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अंबिकापुर में वर्षों से संलग्न शिक्षकों को तत्काल मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने तथा कक्षा 5वीं एवं 8वीं की अंकसूचियों के वितरण में हुई अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 25 जून 2026 को जारी आदेश तथा 23 जून 2026 को स्कूल शिक्षा मंत्री की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार जिला एवं विकासखंड शिक्षा कार्यालयों में केवल स्वीकृत पदों के अनुरूप ही कर्मचारियों को रखा जाना है तथा अतिरिक्त रूप से सलंग्न शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजा जाना है। इसके बावजूद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अंबिकापुर में भरत अग्रवाल एवं संतोष साहू सहित कई शिक्षक अब भी वर्षों से सलंग्न हैं।
परवेज आलम गांधी ने आरोप लगाया कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के बावजूद इन शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं किया जा रहा है, जिससे शासन के निर्देशों की अनदेखी हो रही है और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि कक्षा 5वीं एवं 8वीं की अंकसूचियों के प्रिंटिंग एवं वितरण में गंभीर लापरवाही बरती गई है। जिले के कई विद्यार्थियों को अब तक अंकसूचियां नहीं मिली हैं, जबकि वितरित अंकसूचियों में नाम, जन्मतिथि, विषय और अंकों सहित अन्य जानकारियों में त्रुटियां पाई गई हैं। इसके कारण विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि शासन के आदेशों का तत्काल पालन कराते हुए सभी अनावश्यक रूप से सलंग्न शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजा जाए। साथ ही अंकसूचियों के प्रिंटिंग एवं वितरण में हुई देरी और त्रुटियों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।



